पानीपत में कार ने बच्चे को कुचला, गाड़ी छोड़कर फरार हुआ आरोपी
हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा कस्बे में एक डेढ साल के बच्चे को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में बच्चे को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। 2021 के आखिरी में हुई शादी से दंपती को यह पहला ही बच्चा था।
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में सोनू ने बताया कि वह गांव मतलौडा का रहने वाला है। 30 अक्टूबर को वह अपने घर पर था। दोपहर करीब 3:30 बजे का समय होगा। उसका डेढ साल का बेटा पूर्वंश घर के बाहर गली में खेल रहा था। वह उसके नजदीक ही बैठा था।
इसी दौरान वहां एक तेज रफ्तार कार चालक आया और उसने सीधी टक्कर पूर्वंश को मारी और गाड़ी उसके ऊपर से दौड़ाता हुआ आगे ले गया। जिससे उसके बेटे को गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक को रोकने का प्रयास कि, लेकिन वह नहीं रूका। इसके बाद वह अपने बेटे को गंभीर हालत में निजी वाहन में बच्चों के अस्पताल ले गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि हादसे के वक्त आरोपी कार चालक न केवल गाड़ी को तेज गति से दौड़ा रहा था, बल्कि वह गाड़ी चलाते हुए मोबाइल फोन का भी प्रयोग कर रहा था। वह एक हाथ से स्टेरिंग संभाल रहा था और दूसरे हाथ से फोन पकड़े हुए थे। जब उसे रोकने की कोशिश की, तो वह एक गली में कार को छोड़कर फरार हो गया।