अक्षय तृतीया पर सोने के अलावा ये चीजें भी खरीदें, मिलेगा शुभ फल
Akshaya Tritiya 2024: अक्षय तृतीया के दिन सोने की खरीदारी के अलावा भी कई और चीजें हैं जो बहुत ही शुभ मानी जाती हैं। इन चीजों की खरीदारी करने से भी अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।
अक्षय तृतीया का त्योहार हर साल वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाया जाता है। इस वर्ष यह तिथि 10 मई 2024 को पड़ रही है। यह दिन हिंदू धर्म में बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है और इसे अत्यंत शुभ माना जाता है। अक्षय तृतीया पर लोग पूजा-पाठ करके, शुभ कार्यों की शुरुआत करके और सोने की खरीदारी करके इसका त्योहार मनाते हैं।
सोने की खरीदारी से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और मां लक्ष्मी की कृपा बरसती है। लेकिन सोना की कीमत काफी ज्यादा होती है और इसलिए यह हर किसी के बजट में नहीं आता। इसलिए अक्षय तृतीया पर अगर आप सोने की खरीदारी नहीं कर सकते तो आप अन्य चीजें खरीदकर भी शुभता पा सकते हैं।
अक्षय तृतीया के दिन कौड़ी की खरीदारी कर मां लक्ष्मी के आशीर्वाद को प्राप्त किया जा सकता है। चांदी का सिक्का, चांदी की मूर्ति या चांदी का कोई भी सामान भी अक्षय तृतीया पर खरीदा जा सकता है। चांदी को भी बहुत ही शुभ धातु माना जाता है और इसे भी सोने की तरह ही मान्यता प्राप्त है।
अक्षय तृतीया पर मिट्टी का घड़ा खरीदना भी बहुत ही शुभ माना जाता है। इस दिन घड़े को खरीदकर उसमें शरबत बनाकर भरकर दान किया जा सकता है। इससे भी अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है।